श्री शिव महापुराण कथा-शहर में निकली भोले की बारात, शिव भक्ति में झूमा शहर

Text Size:

बुरहानपुर (इक़बाल अंसारी)

श्री शिव महापुराण कथा को लेकर शहर में भव्य रूप से भोले की बारात निकाली गई। जिसमें काफी संख्या में महिलाएं, पुरूष भजन गाते हुए चले। शहरभर में शिवजी की भक्ति का उत्साह चरम पर दिखा। गणपति नाका स्थित गणपति मंदिर पर प्रदेश के पशुपालन और जिले के प्रभारी मंत्री प्रेमसिंह पटेल, पूर्व मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी), महापौर श्रीमती माधुरी पटेल एवं जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाराम मार्को ने श्री शिव महापुराण कथा समिति के पदाधिकारियों-भक्तों के साथ पूजा-अर्चना कर भोले की बारात की शुभारंभ किया। बारात में आदिवासियों के मांदल समूह के साथ भगवान शिव की झांकी के रूप में कलाकार शामिल हुए, उन्होंने स्थान-स्थान पर अपनी कला का प्रदर्शन किया।

भोले की बारात में यह रहा आकर्षण का केन्द्र

भोले की बारात घोड़े, बग्घी, उंट, बैंड बाजे, डीजे, झांकी, त्रिशुल, डमरू, गदा, मंजीरा, आदिवासी ढोल, शिव जी, नंदी आकर्षण का केन्द्र रहे। बारात में झांकिया देखते ही बन रही थी। बारात में 21 फीट के उंची नंदी की प्रतिमा को भी शामिल किया गया, जो भक्तों के लिए आकर्षण का केन्द्र रही। परंपरागत वेषभूषा में महिलाएं, पुरुष शामिल हुए। भोले की बारात का जगह जगह स्वागत द्वार लगाकर स्वागत भी किया गया। निर्धारित मार्ग पर घरों के सामने रंगोली सजाई गई। विभिन्न व्यायामशालाओं के अखाड़ा सदस्य, गणेश उत्सव समिति, नवदुर्गा उत्सव समिति सदस्य, सामाजिक, राजनीतिक क्षेत्रों के समस्त गणमान्य नागरिक सम्मिलित हुए।

गौरतलब है कि प्रख्यात कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारबिंद से 3 से 9 फरवरी तक बुरहानपुर में शिव महापुराण कथा होगी। जिसमें करीब 10-12 लाख से अधिक लोगों के आने की संभावना है। कथा को लेकर तैयारियां मूर्तरूप ले रही है।

भोले की बारात गणपति नाका स्थित गणपति मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों सिंधीपुरा गेट, बुधवारा चौराहा, ढोलीवाड़ा, मंडी बाजार, सुभाष चौक, गांधी चौक, कमल तिराहा, तहसील कार्यालय, नेहरू चौक, मुख्य पोस्ट ऑफिस, डाकवाड़ी, राजपुरा चौराहा, पांडुमल चौराहा, बाई साहब की हवेली, शनि मंदिर, फव्वारा चौक होते हुए किला स्थित शिव मैदान पहुंची। यहां शिव मंदिर में पूजा-अर्चना एवं अभिषेक किया गया।

संपर्क करें
Call Now