बुरहानपुर (इक़बाल अंसारी)
बुरहानपुर जिले के खकनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत अमरावती खंडवा राजमार्ग के ग्राम देड़तलाई के पास पिकअप वाहन व गन्ने से भरे ट्रक की भीषण टक्कर में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 8 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से इस समाचार की तस्वीरें वायरल होने से जिले में शोक की लहर छा गई। भीषण टक्कर का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पिकअप वाहन के प्रखचे उड़ गए। इस हादसे का समाचार मिलते ही पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं प्रदेश भाजपा प्रवक्ता श्रीमती अर्चना चिटनीस दीदी और जिला कांग्रेस कमेटी बुरहानपुर के अध्यक्ष रिंकू टांक सहित अनेक नेता गण जिला अस्पताल पहुंचे घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को उपचार हेतु उचित दिशा निर्देश दिए। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने ट्विटर अकाउंट से इस घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दुख सहन करने व घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि इस घटना के पीड़ित परिवारों के साथ मैं और मेरी सरकार पूरी तरह खड़ी है। कलेक्टर बुरहानपुर सुश्री भव्या मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय शिवराज सिंह चौहान के निर्देशानुसार प्रति मृतक परिवार को दो दो लाख एवं प्रति घायल को उपचार हेतु 50 हज़ार रुपए की आर्थिक सहायता राशि दी जा रही है। दुर्घटना में घायल एवं मृतक व्यक्ति खंडवा जिले के हैं। जिला खंडवा कलेक्टर द्वारा भी घायलों को अनुग्रह सहायता राशि अंत्येष्टि सहायता एवं अन्य परिवार सहायता दी जा रही है।